BNV Exchange Kya Hai: रोज़ 4% देने वाले Crypto Bridge Exchange प्लान का सच

bnv exchange kya hai

Quick Summary

BNV Exchange खुद को Crypto Bridge Exchange कहता है और कम से कम तीन वेबसाइट पर चलता है। इसमें सिर्फ किसी के इनवाइट लिंक से जुड़ा जा सकता है। ₹1,000 से रिचार्ज करो, रोज़ Telegram पर आए “सिग्नल” वाले कॉइन पर टैप करो, और 60 सेकंड में 4% मुनाफा बैलेंस में जुड़ जाता है। लोग जोड़ने पर रेट 9% तक बढ़ता है और हर डिपॉज़िट पर 18% रेफरल बंटता है। निकासी का पैसा अनजान लोगों के खातों से आता है, जिससे आपका बैंक खाता भी फ्रीज़ हो सकता है।

दोस्त कहता है कि वो रोज़ कमा रहा है। ऑफिस में तीन लोग पहले से ₹40,000 से ₹50,000 लगा चुके हैं। और पहली बार ₹300 निकालो तो पैसा सच में आ भी जाता है। ऐसे में मन में सवाल आना स्वाभाविक है कि आखिर BNV Exchange kya hai और इसमें पैसा लगाना सुरक्षित है या नहीं।

हमने इसकी वेबसाइट, डोमेन के सरकारी रिकॉर्ड और एक प्रमोटर का अपना वीडियो ध्यान से देखा है।

नीचे सब कुछ आसान भाषा में है, ताकि आप अगला रुपया लगाने से पहले पूरी तस्वीर देख सकें।

BNV Exchange Kya Hai In Hindi

शुरुआत करते हैं इस बात से कि प्लेटफॉर्म अपने बारे में खुद क्या बताता है। जवाब है, बहुत कम।

इसकी हर वेबसाइट का टाइटल “Crypto Bridge Exchange” है।

अंदर के विवरण में लिखा है कि BNV बिटकॉइन और एथेरियम खरीदने बेचने का “सुरक्षित क्रिप्टो एक्सचेंज” है, और आखिर में लाइन है, “BNV, built for value!”

लेकिन कहीं भी कंपनी का नाम, पता, टीम, नियम या किसी सरकारी रजिस्ट्रेशन की जानकारी नहीं है। वेबसाइट खोलते ही सीधा लॉगिन पेज आता है, और बिना इनवाइट कोड के अंदर कुछ नहीं दिखता।

BNV Exchange ki login screen
BNV Exchange का लॉगिन पेज

BNV Exchange Aur Nigeria Ka CBEX, क्या दोनों एक हैं?

“Crypto Bridge Exchange” गूगल करने पर आपको CBEX की खबरें दिखेंगी, जो अप्रैल 2025 में नाइजीरिया और केन्या में बंद हुआ और निकासी रुक गई।

हमें BNV और उस CBEX के बीच कोई सीधा संबंध नहीं मिला।

दोनों का नाम और ऊंचे रिटर्न का वादा मिलता जुलता है, बस इतना ही। इसलिए BNV को उसके अपने तथ्यों पर परखिए।

BNV Exchange App और Websites: bnvxm, bnv5, bnv55

BNV Exchange अपने Telegram चैनल के ज़रिए मोबाइल ऐप डाउनलोड करने का लिंक देता है, जो उपयोगकर्ताओं को उसकी अपनी वेबसाइट पर ले जाता है।

Google Play Store या Apple App Store पर इस ऐप की कोई आधिकारिक लिस्टिंग सत्यापित नहीं हो सकी।

App के डेवलपर की पहचान और इसकी प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी।

App के अलावा, अलग अलग लोग अलग वेब एड्रेस इस्तेमाल करते हैं, जिससे कई लोग उलझ जाते हैं।

सरकारी डोमेन रिकॉर्ड इन तीनों के बारे में यह बताते हैं।

वेबसाइट

कब रजिस्टर हुई क्या मिलता जुलता है

bnvxm.com

8 जनवरी 2022, मालिक का नाम छिपा हुआ (HK या CN दर्ज) एक जैसे Cloudflare नेम सर्वर
bnv5.com 30 मार्च 2026, 14:05:36 UTC

एक जैसे Cloudflare नेम सर्वर

bnv55.com 30 मार्च 2026, 14:05:36 UTC, यानी ठीक उसी सेकंड

एक जैसे Cloudflare नेम सर्वर

दो डोमेन एक ही सेकंड में, एक ही रजिस्ट्रार से खरीदे गए।

तीनों पर एक जैसा “Crypto Bridge Exchange” पेज खुलता है।

सदस्य बताते हैं कि ऐसे तीन से पांच और एड्रेस हैं।

नया लिंक मिलने का मतलब यह नहीं कि प्लेटफॉर्म नया या ज़्यादा सुरक्षित है।

BNV Exchange Kaise Kaam Karta Hai?

नीचे के स्टेप एक प्रमोटर के अपने वीडियो से लिए गए हैं। इन्हें वैसे पढ़िए जैसे कोई नया सदस्य अनुभव करता है।

जुड़ना: प्रमोटर के लिंक से फोन नंबर और पासवर्ड डालकर साइन अप होता है।

जिसका लिंक इस्तेमाल हुआ, वो आपका “अपलाइन” बन जाता है।

रिचार्ज: अकाउंट तभी चलता है जब कम से कम ₹1,000 जमा हों।

पेमेंट पेज पर बैंक ट्रांसफर करो और खुद UTR नंबर डालो, तब बैलेंस “success” दिखता है।

वेबसाइट यह नहीं बताती कि पैसा किसके खाते में गया।

हाथ से UTR डालने का तरीका आम तौर पर किसी व्यक्ति या तीसरी पार्टी के खाते की ओर इशारा करता है, कंपनी के खाते की ओर नहीं।

BNV Exchange me UTR se recharge
BNV Exchange का रिचार्ज पेज

Telegram Signal और 60 सेकंड में 4% मुनाफे का वादा

हर दिन शाम 7 से 9 बजे के बीच Telegram ग्रुप में एक कॉइन का नाम आता है, जैसे NEAR।

आप “Quants” में जाकर “Buy More” दबाते हो, और करीब 60 सेकंड में ठीक 4% जुड़कर पैसा लौट आता है।

असली बाज़ार ऐसे नहीं चलता।

क्रिप्टो के दाम पूरे दिन ऊपर नीचे होते हैं, कोई भी एक्सचेंज रोज़ हर कॉइन पर एक मिनट में पक्का 4% नहीं दे सकता।

प्रमोटर खुद वीडियो में कहता है, “यह ट्रेडिंग नहीं है, यह एक इन्वेस्टमेंट प्लान है, बस डिज़ाइन ट्रेडिंग जैसा है।”

यानी कॉइन कोई भी चुनो, नतीजा वही रहता है।

रोज़ 4% का असली हिसाब

“रोज़ सिर्फ 4%” सुनने में छोटा लगता है।

लेकिन जब यह बैलेंस पर जुड़ता चला जाए, जैसा प्लान में बताया जाता है, तो रकम ऐसी दिखती है।

₹1,000 से शुरुआत

रोज़ 4% जुड़ने पर

30 दिन बाद

करीब ₹3,243
365 दिन बाद

करीब ₹165 करोड़

9% रोज़ पर 30 दिन बाद

करीब ₹13,268

कोई भी असली कारोबार ₹1,000 को एक साल में ₹165 करोड़ नहीं बना सकता।

जब मुनाफा किसी असली काम से नहीं आ सकता, तो वो सिर्फ नए सदस्यों के पैसे से ही आ सकता है। Ponzi स्कीम की यही पहचान है।

BNV Exchange Referral, VIP और Salary का खेल

ज़्यादातर लोग किसी जान पहचान वाले के कहने पर जुड़ते हैं। प्लान ऐसा बना है कि ज़्यादा कमाने का सबसे तेज़ रास्ता है और लोगों को जोड़ना।

  • रेफरल बोनस: आपके नीचे कोई जुड़कर रिचार्ज करे, तो लेवल 1 पर 12%, लेवल 2 पर 4% और लेवल 3 पर 2% तुरंत मिलता है।
  • प्रॉफिट रिबेट: टीम की रोज़ की कमाई पर 5%, 3% और 1% अलग से।
  • बढ़ता रेट: एक डायरेक्ट सदस्य जोड़ने पर रेट 4% से करीब 4.3% होता है, और टीम बढ़ने पर 9% तक जाता है।
  • VIP सैलरी: VIP1 पर ₹500 बोनस और ₹200 रोज़, VIP2 पर ₹1,000 बोनस और ₹800 रोज़, VIP3 पर करीब ₹8,000 का स्मार्टफोन, और VIP5 पर ₹1 लाख।
BNV Exchange trading 4.0% to 9.0% profit tier table
BNV Exchange का मुनाफा टियर 4%- 9% रिटर्न चार्ट

जब कमाई टीम के आकार से बढ़े, किसी प्रोडक्ट या ट्रेडिंग से नहीं, तो यह पिरामिड स्कीम की खूबी है।

हर डिपॉज़िट पर 18% तुरंत बंटना और ऊपर से रोज़ 4%, यह पैसा बहुत जल्दी खत्म हो सकता है।


यह भी पढ़ें: ग्रो कैपिटल ऐप क्या है, जहां ऐप में बड़ा मुनाफा दिखा लेकिन असली निकासी बार बार टलती रही।


BNV Exchange Withdrawal Kaise Hota Hai?

ज़्यादातर लोग BNV पर भरोसा इसलिए करते हैं क्योंकि निकासी आती है।

इसलिए यह समझना ज़रूरी है कि पैसा आता कहां से है।

कम से कम ₹300 निकाले जा सकते हैं, और शुरुआती छोटी निकासी आ भी जाती है।

प्रमोटर का अपना सबूत था, ₹1,300 लगाकर करीब ₹500 निकालना। यही छोटी रकम आगे बड़ा डिपॉज़िट करवाती है।

एक रिव्यू वीडियो के मुताबिक पहली निकासी के लिए अपलाइन से ही कंपनी को कहलवाना पड़ता है।

यानी आपका पैसा निकलेगा या नहीं, यह आपके रेफर करने वाले के हाथ में है।

सदस्य बताते हैं कि निकासी का पैसा किसी व्यक्ति या छोटी फर्म के खाते से आता है, कंपनी के नाम से नहीं।

जबकि Groww या Fyers से पैसा आए, तो बैंक स्टेटमेंट में कंपनी का नाम साफ दिखता है।

अनजान खाते से आए पैसे का स्रोत आप नहीं जान सकते।

अगर वो खाता किसी साइबर फ्रॉड शिकायत में आ गया, तो बैंक उससे पैसा पाने वाले खाते भी फ्रीज़ कर सकते हैं, आपका खाता भी।

BNV Exchange Real Ya Fake, Kya Hai?

ज़्यादातर लोग यही जानने आए हैं।

नीचे देखिए कि भारत में क्रिप्टो प्लेटफॉर्म के लिए क्या ज़रूरी है, और BNV में क्या दिखता है।

भारतीय यूज़र्स को सेवा देने वाले क्रिप्टो एक्सचेंज को FIU-IND में रजिस्टर होना पड़ता है।

यह नियम मार्च 2023 से एंटी मनी लॉन्ड्रिंग कानून के तहत लागू है। क्रिप्टो एक्सचेंज SEBI के दायरे में नहीं आते, इसलिए यहां SEBI नंबर सही कसौटी नहीं है।

  • कंपनी: वेबसाइट पर कोई नाम नहीं, और CIN या GST नंबर भी नहीं मिला।
  • मालिक: सबसे पुराने डोमेन पर मालिक का नाम छिपाया गया है।
  • पैसा: जमा हाथ से UTR डालकर, और निकासी अनजान लोगों के खातों से।
  • रिटर्न: रोज़ तय मुनाफा, और लोग जोड़ने पर ज़्यादा रेट।

सार्वजनिक रिकॉर्ड और प्रमोटर के अपने शब्दों के आधार पर, BNV Exchange में Ponzi और पिरामिड स्कीम जैसी खूबियां साफ दिखती हैं।

अभी तक नहीं जुड़े हैं, तो मत जुड़िए।

दोस्त के कहने पर BNV में पैसा लगा दिया और अब डर है कि बैलेंस कभी बाहर नहीं आएगा?

हमें बताइए कि आपने कितना जमा किया और अब तक निकासी कैसी रही। हम आपके अगले कदम तय करने में मदद करेंगे। मुफ्त सलाह के लिए हमसे रजिस्टर करें।

BNV Exchange में पैसा फंसे तो क्या करें?

अगर आपने BNV Exchange जैसे प्लेटफॉर्म पर पैसे गंवाए हैं और समझ नहीं आ रहा कि आगे क्या करें, तो मेरे साथ फ्रॉड हुआ है मैं क्या करूं जैसे सवाल का जवाब जानना और सही शिकायत प्रक्रिया समझना आपके लिए अगला ज़रूरी कदम हो सकता है।

चाहे निकासी अभी चल रही हो या रुकने लगी हो, इन कदमों का क्रम मायने रखता है। जो आप पर लागू हो, वहीं से शुरू कीजिए।

  • नया रिचार्ज बंद करें, चाहे VIP अपग्रेड हो या कोई “स्पेशल ऑफर”, और अपना इनवाइट लिंक किसी को न भेजें।
  • आज ही सबूत सेव करें: बैलेंस, रिचार्ज और निकासी की हिस्ट्री के स्क्रीनशॉट, हर UTR, निकासी के बैंक मैसेज, Telegram ग्रुप का लिंक और अपलाइन का नाम नंबर।
  • Cybercrime helpline पर कॉल करें और portal पर शिकायत दर्ज करें, सारे UTR और स्क्रीनशॉट के साथ।
  • बैंक को लिखकर बताएं कि किन तारीखों पर कितनी रकम BNV की निकासी के रूप में व्यक्तियों के खाते से आई।

यह भी पढ़ें: फिनसोल ऐप क्या है, एक और निवेश ऐप जो WhatsApp ग्रुप के ज़रिए लोगों तक पहुंचा।


स्पष्टीकरण: यह लेख BNV Exchange की सार्वजनिक वेबसाइट, डोमेन रिकॉर्ड, एक प्रमोटर और एक रिव्यूअर के सार्वजनिक वीडियो, और हमें मिली एक पूछताछ पर आधारित है, जिसमें निजी जानकारी हटा दी गई है। यह नाइजीरिया के CBEX से किसी संबंध का दावा नहीं करता और किसी व्यक्ति पर आरोप नहीं लगाता।

निष्कर्ष

BNV Exchange दिखने में क्रिप्टो एक्सचेंज है, लेकिन प्रमोटर के अपने शब्दों में यह ट्रेडिंग नहीं है।

यह रोज़ 4% का प्लान है, जो Telegram के एक टैप, तीन लेवल के रेफरल और टीम के आकार पर मिलने वाली “सैलरी” से जुड़ा है।

छिपे मालिक वाली कई वेबसाइट, UTR से जमा और अनजान खातों से निकासी, यह सब किसी रजिस्टर्ड एक्सचेंज जैसा नहीं है।

अगर आप सोच रहे हैं, तो पैसा अपने पास रखें। अगर पहले से जुड़े हैं, तो रिचार्ज रोकें, सबूत सेव करें और आज ही शिकायत करें।


Report. Recover. Stay Fraud Free.


 

Frequently Asked Questions

BNV Exchange खुद को Crypto Bridge Exchange कहता है। इसमें ₹1,000 से रिचार्ज करके रोज़ Telegram सिग्नल पर टैप करने से 4% मुनाफा दिखता है, और लोग जोड़ने पर रेट बढ़ता है। इसकी वेबसाइट पर कोई कंपनी या रजिस्ट्रेशन नहीं दिखता।

इसमें कंपनी का नाम, पता और भारत में रजिस्ट्रेशन नहीं दिखता, और मालिक छिपा है। रोज़ तय मुनाफा और रेफरल पर बढ़ता रेट, ये Ponzi और पिरामिड स्कीम जैसी खूबियां हैं।

सदस्य Telegram पर आए कॉइन पर "Buy More" दबाते हैं और करीब 60 सेकंड में 4% जुड़ जाता है। प्रमोटर खुद कहता है कि यह ट्रेडिंग नहीं, एक इन्वेस्टमेंट प्लान है।

न्यूनतम निकासी ₹300 है और पहली निकासी अपलाइन के ज़रिए होती है। पैसा अनजान व्यक्तियों के खातों से आता है, जिससे आपके बैंक खाते के फ्रीज़ होने का खतरा रहता है।

loader

FraudFree Support

We're online — reply instantly
Scroll to Top